परिवहन मजदूर संघ में फिर रार

नाराज लोगों ने राकेश को बनाया समानांतर अध्यक्ष; दूसरा बोला, शंकर ही प्रदेशाध्यक्ष

मंडी— हिमाचल परिवहन मजदूर संघ गुटों में बंट गया है। गुटों में बंटने के साथ ही नेतृत्व को लेकर भी हंगामा शुरू हो गया। नाराज गुट ने शुक्रवार को शंकर सिंह को संघ से निष्कासित करने के साथ ही राकेश शर्मा को समानांतर अध्यक्ष नियुक्त कर दिया, तो दूसरा गुट अभी भी शंकर सिंह को ही प्रदेश अध्यक्ष बता रहा है। शुक्रवार को मंडी में हुई बैठक में प्रदेश भर के पदाधिकारियों ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इसमें मुख्य रूप से 17 सितंबर को शिमला में होने वाली हुंकार रैली परिवहन मजदूर संघ के त्रैवार्षिक अधिवेशन की तिथि तय करना व इसकी रूपरेखा बनाना है। इसके अतिरिक्त वर्तमान में परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह द्वारा संघ पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार अनुशानहीनता, संघ विरोधी गतिविधियों पर चर्चा की गई और सर्वसम्मति से हाउस द्वारा निर्णय लिया गया कि शंकर सिंह की इन सभी गतिविधियों को देखते हुए उन्हें परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष के साथ-साथ भारतीय मजदूर संघ की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है। इसकी विधिवत घोषणा प्रदेश भामसं अध्यक्ष राकेश शर्मा द्वारा की गई। राकेश शर्मा अध्यक्ष भामसं, राजकुमार महामंत्री, मंगत राम नेगी महामंत्री, नंदलाल प्रभारी हिमाचल परिवहन मजदूर संघ, महेश शर्मा उपाध्यक्ष अखिल भारतीय परिवहन मजदूर महासंघ, सचिव सुभाष वर्मा अखिल भारतीय परिवहन मजदूर महासंघ, भारतीय मजदूर संघ की प्रदेश सचिव लता ठाकुर, राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री एनआर ठाकुर, अशोक पराशर पूर्व जिलाध्यक्ष मंडी, हेमराज जिलाध्यक्ष  भाजपा मजदूर संघ मंडी मौजूद रहे। बैठक गुलाब सिंह धीमान की अध्यक्षता में की गई। इसके अलावा कुलदीप कुमार अतिरिक्त महामंत्री को भी निलंबित किया जाता है।

क्या कह रहे शंकर समर्थक

बैठक में मौजूद महामंत्री कुलदीप ठाकुर, उपाध्यक्ष राकेश ठाकुर, राजकुमार, केलांग प्रधान कर्म सिंह ने कहा कि निलंबित करने का षड्यंत्र रचने वाले वही लोग हैं, जो पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हड़ताल के बाद पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली के पास माफी मांग कर बहाल हुए। शंकर सिंह सभी आर्थिक लाभों के साथ बिना शर्त बहाल किया है। 27 डिपो के अध्यक्ष अभी भी शंकर सिंह के साथ हैं और वही प्रदेश अध्यक्ष हैं।