बनगढ़ जेल से कैदी फरार

सफाई करने के बहाने यूपी के शातिर ने पुलिस कर्मचारियों को दिया चकमा

मैहतपुर— ऊना जिला के अंतर्गत बनगढ़ जेल में सजायाफ्ता कैदी फरार हो गया है। जेल अधिकारियों की ओर से इस कैदी की ड्यूटी जेल के बाहर सफाई करने के लिए लगाई थी, लेकिन   कैदी बड़ी ही आसानी से पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया है। पुलिस फरार कैदी की तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार सौरवन निवासी मुरादाबाद, यूपी बनगढ़ जेल में दुष्कर्म के एक मामले में दस साल की सजा काट रहा था। ऊना कोर्ट से ही इस कैदी को सजा सुनाई गई थी। लेकिन शुक्रवार को यह कैदी अचानक ही फरार हो गया। हालांकि इससे पहले भी इस कैदी की ड्यूटी बाहर लगाई जाती थी, लेकिन शुक्रवार को यह कैदी फरार हो गया। बताया जा रहा है कि इस कैदी को अन्य कैदियों की तरह जेल के बाहर काम के लिए भेजा गया था। लेकिन यह वापस नहीं लौटा।  सूचना मिलने पर उच्च अधिकारी भी पुलिस टीम भी मौका पर पहुंचे। वहीं, जेल कर्मचारियों व अन्य कैदियों से भी इस बारे में पूछताछ शुरू कर दी गई है। ड्यूटी पर तैनात जेल वार्डन के ड्यूटी रोस्टर को भी चैक किया जा रहा है, जिसके आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। वहीं, पुलिस द्वारा कैदी की तलाश के चलते जगह-जगह वाहनों की तलाशी ली जा रही है।   इसके अलावा नाके भी लगाए गए हैं ताकि यह फरार कैदी पुलिस के हाथ आ सके। पुलिस द्वारा पंजाब राज्य की सीमा नजदीक होने के चलते पंजाब के लिए भी विशेष टीम भेजी है। खबर लिखे जाने तक फरार कैदी का कोई पता नहीं चल पाया था।