बस अड्डों में मिलेंगी व्हील चेयर

परिवहन मंत्री बोले, दिव्यांग, बीमार लोगों को मिलेगी सुविधा

शिमला— हिमाचल पथ परिवहन निगम बस अड्डों पर सामान्य व विशेष श्रेणी के यात्रियों की सुविधा के लिए नई पहल शुरू करने जा रहा है। निगम द्वारा प्रदेश के बस अड्डों पर दिव्यांग, बीमार तथा वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त, सभी बस अड्डों में प्राथमिक चिकित्सा किट्स उपलब्ध करवाई जाएगी, जो यात्रियों के लिए किसी भी आपात स्थिति में सहायक होगी। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि निगम एक नई पहल करते हुए शिमला, मंडी, मनाली और कांगड़ा बस अड्डों पर सेनेटरी वेंडिंग मशीनें स्थापित करेगा, जिससे महिलाएं लाभान्वित होंगी। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के प्रति संवेदनशील है तथा परिवहन निगम में भी अनेक नई सुविधाओं का सृजन किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधाओं के साथ-साथ निगम के कर्मचारियों का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है, जिसके तहत चालक एवं परिचालकों के ओवर टाइम और रात्रि भत्ते पर लगभग दो करोड़ रुपए की बकाया राशि को चुकाने के आदेश पथ परिवहन निगम प्रबंधन को जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के गलत निर्णयों और नीतियों के चलते हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम को भारी घाटा उठाना पड़ा है, जिससे निगम के कर्मचारियों और पेंशनरों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस वित्त वर्ष में परिवहन निगम ने 100 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे प्राप्त करने के लिए भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं।