भक्तों की सुरक्षा को 546 जवान तैनात

चंबा —विश्व विख्यात मणिमहेश यात्रा के दौरान कानून व सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद रखने का जिम्मा पुलिस व होमगार्ड के 546 जवान संभालेंगे। मणिमहेश यात्रा को पुलिस विभाग ने तेरह सैक्टरों में बांटकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा बिठा दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमन शर्मा को मेला अधिकारी का जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ सात राजपत्रित अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू ने खबर की पुष्टि की है। इस वर्ष मणिमहेश यात्रा का अधिकारिक तौर पर संचालन तीन से 17 सितंबर तक किया जा रहा है। मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और कानून व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। पुलिस विभाग ने मणिमहेश यात्रा को तेरह सेक्टरों में बांटा है। मणिमहेश यात्रा के लिए पुलिस की विभिन्न वाहनियों से 208 पुरूष और 72 महिला आरक्षियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा मणिमहेश यात्रा के लिए 266 होमगार्ड जवानों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। मणिमहेश यात्रा में कानून व सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात पुलिस व होमगार्ड के जवानों ने अपनी ड्यूटी भी संभाल ली है। इसके साथ ही पुलिस विभाग ने मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से भी भू-स्ख्लन की दृष्टि से संवेदनशील हिस्सों प आवाजाही के दौरान विशेष एहतियात बरतने को कहा है। दोपहिया वाहन चालकों से सफर के दौरान हैलमेट पहनने का आह्वान भी किया गया है, जिससे जान व माल के नुकसान की संभावना को पूरी तरह शून्य किया जा सके। उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू ने बताया कि मणिमहेश यात्रा के लिए 280 पुलिस व 266 होमगार्ड जवानों की तैनाती विभिन्न पड़ावों पर कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस व होमगार्ड जवानों पर कानून व सुरक्षा के अलावा ट्रेफिक व्यवस्था को बेहतर रखने की जिम्मेदारी भी रहेगी।