राफेल पर लाओ जेपीसी

जेटली के आरोपों पर राहुल गांधी का पलटवार, शाह ने लिए आड़े हाथ

नई दिल्ली— राफेल डील में कथित घोटाले के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के निशाना साधने के बाद राहुल गांधी ने पलटवार किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा है कि ‘दि ग्रेट राफेल रॉबरी’ पर देश का ध्यान वापस दिलाने के लिए शुक्रिया। राहुल गांधी ने पीएम मोदी को घेरते हुए सवाल किया कि इन सबकी जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) का गठन क्यों नहीं किया जा रहा है। इसके बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा है कि देश का आईक्यू आपके आईक्यू से ज्यादा है। इससे पहले सर्जरी के बाद बुधवार को अपने पहले सार्वजनिक इंटरव्यू में अरुण जेटली ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी राफेल पर झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राफेल पर झूठ बोल कर देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। अरुण जेटली ने कहा कि कांग्रेस ने कीमतों को लेकर जो आरोप लगाए हैं, वे तथ्यात्मक रूप से पूरी तरह गलत हैं। श्री जेटली ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी अपने भाषणों में राफेल के सात अलग-अलग दाम बता चुके हैं। पहले कांग्रेस ने श्री जेटली के आरोपों का खंडन किया इसके बाद राहुल गांधी ने खुद ट्वीट कर निशाना साधा। राहुल गांधी ने लिखा कि मिस्टर जेटली, ‘दि ग्रेट राफेल रॉबरी की तरफ देश का ध्यान वापस दिलाने के लिए शुक्रिया।’ इसे सुलझाने के लिए संयुक्त संसदीय समिति की जांच कराने का ख्याल कैसा है? दिक्कत यह है कि आपके सुप्रीम नेता अपने दोस्त को बचा रहे हैं, इसलिए शायद ऐसा करना असुविधाजनक हो सकता है। इसे चैक करिए और 24 घंटे में बताइए। हम लोग इंतजार कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस और राहुल गांधी को इसका तुरंत जवाब भी मिला। अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि  24 घंटे का इंतजार क्यों जब आपके पास पहले से ही जेपीसी- झूठी कांग्रेस पार्टी है। देश को मुर्ख बनाने के लिए आपके झूठ खुद ब खुद स्पष्ट हैं जब आपने दिल्ली, कर्नाटक, रायपुर, हैदराबाद, जयपुर और संसद में राफेल की अलग-अलग कीमत बताई। देश का आईक्यू आपके आईक्यू से ज्यादा है। बुधवार को वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सरकार की तरफ से राहुल के आरोपों का जवाब देने और उन पर पलटवार करने की कोशिश की। श्री जेटली ने कहा कि राहुल कह रहे हैं कि हम 500 से कुछ ज्यादा दे रहे थे और आप 1600 रुपए से कुछ अधिक दे रहे हैं। इस तरह के तर्कों से पता चलता है कि उनकी समझ कितनी कम है। श्री जेटली ने कहा कि मेरी खुद राहुल से ही सवाल है कि उन्होंने इस डील को करने में अनिश्चितकाल तक की देरी क्यों की। आखिर यूपीए ने इस डील को कोल्ड स्टोरेज में क्यों डाला?