विपक्ष का वाकआउट अलोकतांत्रिक

नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बोले, कांग्रेस ने साधा राजनीतिक हित

शिमला— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष के वाकआउट को अलोकतांत्रिक करार देते हुए कहा कि इसके पीछे राजनीतिक हित साधा गया है। युवा कांग्रेस का सदन के बाहर धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है। विपक्ष के नेताओं की वहां हाजिरी भरना राजनीतिक मजबूरी है। इस कारण विपक्ष अपना सियासी हित साधने के लिए सदन से बाहर चला गया है। मुख्यमंत्री ने दोपहर बाद कांग्रेस के वाकआउट पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि  युवा कांग्रेस को प्रदर्शन के लिए चौड़ा मैदान में स्थान दिया गया था। बेहतर होता युकां कार्यकर्ता लोकतांत्रिक ढंग से प्रदर्शन करते। मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्चाई यह है कि प्रदर्शनकारी युकां कार्यकर्ताओं की संख्या बहुत कम थी। इस कारण सूर्खियों में आने के लिए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर साथ लाए झंडों-डंडों से हमला बोल दिया। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों ने पथराव भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाएं प्रदेश के लिए बेहद शर्मनाक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हर मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए और सत्तापक्ष हर समय इसके लिए तैयार है। बावजूद इसके विपक्ष को नियमों की परिधि में रहना जरूरी होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष नियमों के तहत हर चर्चा के लिए सदन का ध्यान आकर्षित करें। सरकार इसके लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए सदन से वाकआउट करना किसी के लिए भी हितकारी नहीं है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ऐसी गलतफहमी न पालें। उन्होंने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें विधानसभा के बाहर जो होना था, उसकी सूचना पहले ही थी। युवा कांग्रेस को प्रदर्शन के लिए चौड़ा मैदान में स्थान चयनित किया गया था। बावजूद इसके उनके कार्यकर्ता विधानसभा के बाहर आए और पुलिस जवानों पर झंडे फैंके, जिससे पुलिस अफसर को भी चोटें आई। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार है और पूरे पांच साल चलेगी। अभी तो सरकार को मात्र आठ महीने ही हुए हैं।

हंगामे की चेतावनी

वाकआउट करने के बाद धरने पर बैठे कांग्रेस विधायकों ने सरकार को चेतावनी दी है कि सोमवार से विधानसभा सदन में हंगामा करेंगे। विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में पुलिस तंत्र और कानून व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुक्खू ने कहा कि सोमवार से कांग्रेस सभी जिला मुख्यालयों पर सरकार के खिलाफ संघर्ष करेगी।