शहीद औरंगजेब संग सात को शौर्य चक्र

नई दिल्ली— जम्मू-कश्मीर में शहीद जवान मेजर आदित्य कुमार, शहीद औरंगजेब और सीआरपीएफ के पांच जवानों को शौर्य चक्र प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य पुलिस और केंद्रीय पुलिसबलों के 942 पुलिसकर्मियों को पुलिस पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सिपाही शरीफुद्दीन गनई और हैड कांस्टेबल मोहम्मद तफैल को मरणोपरांत राष्ट्रपति के वीरता के लिए पुलिस पदक से सम्मानित करने का ऐलान किया गया वहीं, आईएनएस तारिणी से समुद्र परिक्रमा पूरी करने वाली नौसेना की छह महिला अफसरों को वीरता के लिए नवसेना मेडल से सम्मानित किया जाएगा। है। इसके साथ ही 177 पुलिसकर्मियों को वीरता के लिए पुलिस पदक, 88 को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक और 675 को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक के लिए चुना गया है। आंध्र पुलिस के 16, अरुणाचल के दो, असम के 32, बिहार के 14, छत्तीसगढ़ के 16, दिल्ली के 24, गुजरात के 29, हरियाणा के 13, हिमाचल प्रदेश के पांच, जम्मू-कश्मीर के 47, झारखंड के 12, कर्नाटक के 18, केरल के छह, मध्य प्रदेश के 23, महाराष्ट्र के 51, मणिपुर के पांच, मेघालय के आठ, मिजोरम के तीन, नागालैंड के दो, ओडिशा के 29, पंजाब के 16, राजस्थान के 15, सिक्किम के एक, तमिलनाडु के 25, तेलंगाना के 12, त्रिपुरा के नौ, उत्तर प्रदेश के 77, उत्तराखंड के आठ, पश्चिम बंगाल के 24, चंडीगढ़ के एक, दमन और दीव के दो, लक्षद्वीप के एक, पुड्डुचेरि के दो पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने के लिए चुना गया है।