सिहुंता में बंद रही दुकानें

सिहुंता —पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शुक्रवार को तहसील मुख्यालय का बाजार बंद रहा। भटियात भाजपा व व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बाजार में शोकसभा का आयोजन कर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखकर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। भटियात भाजपा मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजलाल शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के निधन से देश को जो क्षति हुई उसकी भरपाई हो पाना नामुमकिन है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के प्रति उनका विशेष लगाव रहा है।  उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हिमाचल को कई बेहतरीन सौगातें प्रदान की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि उनके अधूरे सपनों को पूरा करना अब हरेक की नैतिक जिम्मेदारी है, जोकि उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। भटियात भाजपा मीडिया प्रभारी अविनाश महाजन ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया। शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी के निधन से सिहंुता क्षेत्र शोक में डूबा नजर आया।