अब बिजली कर्मचारी करेंगे हड़ताल

भिवानी—हरियाणा में सरकार और कर्मचारियों के बीच बढ़ते टकराव के बीच अब बिजली निगमों के 20 हजार से अधिक कर्मचारियों ने 30 अक्तूबर को प्रदेशव्यापी हड़ताल की धमकी दे दी है और मांगे नहीं माने जाने पर हड़ताल अनिश्चितकालीन करने का भी अल्टीमेटम दिया है। इसी कड़ी में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर राज्य में निगम कार्यालयों के समक्ष दो घंटे का रोष प्रदर्शन कर धरना दिया। चरखी दादरी के निगम कार्यालय में बिजली कर्मचारियों के प्रदर्शन का नेतृत्व राज्य बिजली कर्मचारी यूनियन के स्टेट आडिटर राजकुमार सांगवान ने किया। यूनियन की ओर से अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास को नोटिस भेजकर कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दे दी है। श्री सांगवान ने कहा कि कर्मचारी अपने हकों के लिए आंदोलन करने के लिए मजबूर हुए हैं। वर्षों से लंबित अपनी मांगों को लेकर बिजली कर्मचारी संघर्ष कर रहे हैं।