आज भी बारिश से रहें सचेत

शिमला, मंडी, कुल्लू, सोलन, चंबा में खूब बरसेगा अंबर

 शिमला — हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, सोलन और चंबा में शुक्रवार को मौसम फिर से तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग ने राज्य के उक्त क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। विभाग की माने तो प्रदेश के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 15 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। राज्य के इन क्षेत्रों में 16 से 19 सितंबर तक मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिलेगी,जबकि राज्य के उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में 18 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। गुरुवार को प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर भारी बारिश हुई। राजधानी शिमला में दोपहर बाद गर्जन के साथ मूसलाधार बारिश हुई,  जिससे जनजीवन थमा दिखा। एकाएक आई बारिश ने शहर की रफ्तार रोक कर रख दी। बीते 24 घंटों के दौरान धर्मशाला में 42.2, सरकाघाट में 42.0, अंब में 37.0, धर्मपुर में 30.4, कसौली में 28.0, सोलन में 26.4, देहरा गोपीपुर में 25.0, नेना देवी में 24.0, सुजानपुर टीहरा में 18.0, कुमारसैन 15.4, अर्की में 12.0, मंडी में 11.2, सुंदरनगर 8.2, पंडोह में 8.0, कांगड़ा में 7.2 और शिमला 6.2 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम में आई करवट से भुंतर, नाहन, सोलन, बिलासपुर,हमीरपुर और डलहौजी के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। जबकि शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 15 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि 16 से 19 सितंबर तक राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी।