हिमाचल विधानसभा में होगा मूक प्रश्नकाल

शिमला— हिमाचल विधानसभा में कागज रहित मूक प्रश्नकाल आयोजित होगा। सभी प्रश्र ऑनलाइन पूछे जाएंगे और उनका जवाब भी कम्प्यूटर स्क्रीन के जरिए ही दिया जाएगा। शिमला में 22 सितंबर को आयोजित होने वाले इस विधानसभा सत्र के दौरान लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। इसमें हिमाचल सहित सात राज्य अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारतीय क्षेत्र  में हिमाचल प्रदेश राज्य के अतिरिक्त पंजाब, हरियाणा, जम्मू एवं कश्मीर, गुजरात, राजस्थान तथा मध्य प्रदेश राज्य शामिल हंै। हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने बताया लोकसभा की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, जो राष्ट्रमंंडल संसदीय संघ भारतीय क्षेत्र की भी अध्यक्ष हंै, वह इस सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगी। सुमित्रा महाजन 22 सितंबर को सम्मेलन को संबोधित भी करेंगी। डा. बिंदल ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष 21 सितंबर को शिमला पहुंचेंगी। कार्यक्रम का शुभारंभ सम्मान समारोह के साथ 22 सितंबर को होगा। इस अवसर पर सचिव, संसदीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार राष्ट्रीय ई-विधान प्रणाली पर अपनी प्रस्तुति देगें। डा. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधान सभा द्वारा स्थापित देश की सर्वप्रथम ई-विधान प्रणाली का सदन में प्रदर्शन किया जाएगा तथा इस दौरान ई-विधान प्रणाली के प्रभाव एवं लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सदन में कागज रहित मूक प्रश्न काल भी होगा, जिसका संचालन ई-विधान के माध्यम से किया जाएगा। डा. बिंदल ने कहा कि सम्मेलन के दौरान दो ज्वलंत एवं महत्त्वपूर्ण  विषयों ‘भारत में  लोक सभा और राज्य विधान सभाओं के एक साथ चुनाव’ तथा ‘मादक पदार्थों का बढ़ता सेवन दुष्प्रभाव एवं समाधान’ पर भी चर्चा होगी।