तकनीक से सुरक्षित होगी सरहद

अंबाला में विकास रैली के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, इजराइल की तर्ज पर सीमा में सिक्योरिटी सिस्टम लागू होगा

अंबाला -केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए इजरायल की तर्ज पर इंटिग्रेटेड बॉर्डर सिक्योरिटी सिस्टम लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की 22 हजार किलोमीटर लंबी थल व जल सीमा को तारें लगाकर सुरक्षा प्रदान करना संभव नही है, इसलिए केंद्र सरकार ने तकनीकी आधारित सुरक्षा व्यवस्था को अपनाने का निर्णय लिया है। राजनाथ सिंह अंबाला जिला के शहजादपुर में श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी व सांसद रतन लाल कटारिया द्वारा आयोजित विकास रैली में उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चार वर्ष पहले उन्होंने नारायणगढ़ में ही लोगों से भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैणी को विधायक बनाने की अपील करते हुए इस क्षेत्र में पुनः आने का वचन दिया था और उसी वादे के तहत वह विकास रैली में उपस्थित हुए हैं। उन्होंने श्रम एवं राज्यमंत्री नायब सिंह सैणी तथा सांसद रतन लाल कटारिया की जनसेवा की राजनीति की भी सराहना की। उन्होंने खाद्यान्न, खेलों और देश की रक्षा में हरियाणा के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि तीनों क्षेत्रों में जब भी जरूरत पड़ी है, तो हरियाणा ने ही देश के झंडे को बुलंद किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी राफेल सौदे के हर पहलू को सार्वजनिक करने की गैर व्यावहारिक मांग करके देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र से जुड़े मसलों में देश की सुरक्षा को मध्यनजर रखते हुए हर पहलू को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता और ऐसा वर्तमान सरकार में ही नहीं बल्कि पूर्व की सरकारों में भी होता रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लिए बड़ी चुनौती बन चुके नक्सलवाद को भी केंद्र सरकार ने मजबूती से नियंत्रित किया है और सुरक्षाबलों ने नक्सलवाद की गतिविधियों को नियंत्रित करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता झूठ बोलकर सत्ता हासिल करने का असफल प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भाजपा की सोच है कि सच्चाई पर आधारित राजनीतिक पार्टी ही लंबे समय तक राजनीति में बनी रह सकती है। उन्होंने कहा कि देश के पीएम मोदी लगातार देश के विकास में जुटे हुए हैं। इस मौके पर अंबाला लोकसभा प्रभारी एवं हरियाणा टूरिज्म के चेयरमैन जगदीश चोपड़ा, जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार,जिला परिषद चेयरमैन सुरेंद्र राणा, मंडल अध्यक्ष विवेक गुप्ता शहजादपुर सहित कई गणमान्य भी मौजूद रहे।