ब्लॉक लेवल फोरकास्ट भी देगा मौसम विभाग

बिलासपुर-चंबा में पायलट बेस पर शुरू हुई पहल

शिमला  – मौसम विभाग अब ब्लॉक स्तर के फोरकास्ट की भी एडवाइजरी जारी करेगा। बिलासपुर व चंबा में पायलट बेस पर शुरू की गई इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आने के बाद विभाग ने प्रदेश के हर ब्लॉक की एडवाइजरी जारी करने का निर्णय लिया है, जो प्रदेश के किसानों व बागबानों के लिए लाभदायक साबित होगा। मौसम विभाग अभी मौजूदा समय में स्टेट व डिस्ट्रिक्ट के मौसम की फोरकास्ट एडवाइजरी जारी की जाती है। विभाग द्वारा स्टेट फोरकास्ट अक्तूबर, 2003 से जारी किया जाना शुरू किया गया था। इसके बाद जून, 2008 से डिस्ट्रिक्ट फोरकास्ट एडवाइजरी आरंभ की गई। हाल ही में विभाग ने राज्य के बिलासपुर व चंबा में पायलट स्तर पर ब्लॉक तक की एडवाइजरी जारी की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। ऐसे में अब विभाग ने समूचे प्रदेश में ब्लॉक स्तर की एडवाइजरी जारी करने का फैसला लिया है। विभाग जल्द ही अपना मैकेनिज्म डिवेलप कर इसे आरंभ करेगा। इसके आरंभ होने से प्रदेश में खासतौर पर किसानों व बागबानों को लाभ मिलेगा। किसानों-बागबानों को पहले ही मौसम की सटीक जानकारी उपलब्ध मिलेगी, जो कृषि व बागबानी के लिए लाभदायक साबित होगी। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।