वहीं बनेगा सौरभ वन विहार

सांसद शांता कुमार ने सीएम से राहत कोष से सुरक्षा दीवार के लिए तीन करोड़ मांगे 

 पालमपुर —सौरभ वन विहार का स्थान नहीं बदला जाएगा और इसका यहीं पर पुननिर्माण करवाया जाएगा। इस संबंध में अधिकारियों की राय जानने के बाद सांसद शांता कुमार ने इस फैसले से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अवगत करवा दिया है। वहीं बाढ़ राहत कोष से सुरक्षा दीवार के लिए तीन करोड़ रुपए जारी किए जाने का आग्रह भी किया है।  बता दें कि सितंबर माह के अंतिम दिनों में न्यूगल खड्ड के पानी के बढ़े जलस्तर से सौरभ वन विहार को व्यापक नुकसान पहुंचा था और उसके बाद से इसके स्थान को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। बीते दिनों शांता कुमार ने सभी स्थानीय प्रमुख अधिकारियों के साथ मौके पर सारी परिस्थिति का निरीक्षण किया तथा सलाहकार बोर्ड के सभी सदस्यों के साथ बात की थी। बकौल शांता कुमार बाढ़ से हुए नुकसान के कारण सभी आहत हैं और इसका अति शीघ्र पुनर्निर्माण चाहते हैं। सौरभ वन विहार में लगभग एक करोड़ रुपए से एक झील बनाई गई थी, जिसमें नौका विहार होता था। हिमाचल प्रदेश में अपने प्रकार का पहला एक्वेरियम लगभग 30 लाख रुपए का और चंडीगढ के प्रसिद्ध कलाकार नेक राम की सलाह से लगभग 40 लाख रुपए से कारगिल युद्ध का दृष्य बनाया गया था, शहीद की प्रतिमा भी लगाई गई थी।  करोड़ों के इस सारे विहार को बाढ़ के कारण नुकसान तो पहुंचा है परंतु इस सब का आधार सुरक्षित है।  बाढ़ के कारण रेत और पत्थर जमा हो गये हैं।  सभी की सहमति से इस कारण इसी स्थान पर फिर से स्मारक को बनाने का निर्णय किया गया। सबसे आवश्यक न्यूगल नदी के कारण आए पानी के बहाव के रास्ते को रोकने के लिए एक सुरक्षा दीवार बनाने की आवश्यकता है।   इस सुरक्षा दीवार पर कम से कम तीन करोड़ रुपण् खर्च होंगे।  शांता कुमार ने मुख्यमंत्री से विषेश आग्रह किया है कि बाढ़ राहत कोष से यह राशि  सरकार तुरंत स्वीकृत करें। भारत सरकार की ओर से सौरभ कालिया विहार विकास के लिए तीन करोड़ रुपया आया था बाकी सारे विहार की गतिविधियों को फिर से सब प्रकार से ठीक करने के लिए यह धन पर्याप्त है।