सीटू आज देगा रोडवेज की हड़ताल को समर्थन

चंडीगढ़ -हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की पंद्रह दिन से चल रही हड़ताल के समर्थन में सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) ने घोषणा की कि उनसे जुड़े कर्मचारी और मजदूर 31 अक्तूबर को सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल में शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में तमाम सरकारी विभागों के कर्मचारियों ने दो दिन की हड़ताल घोषित की हुई है।  सीटू  की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष सतवीर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार और महासचिव जय भगवान ने जारी संयुक्त बयान में कहा कि 31 अक्तूबर को हड़ताल में आंगनवाड़ी वर्कर्स व हैल्पर्स, आशा वर्कर्ज,  मिड-डे मील वर्कर्ज, ठेका कर्मचारी, निर्माण मजदूर, रेहड़ी-पटरी मजदूरों, समेत तमाम कैटेगरी के मजदूर भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि सीटू प्रदेश सरकार के रोडवेज को निजी हाथों में देने के प्रयासों का हर स्तर पर प्रतिरोध करेगी। सीटू नेताओं ने आरोप लगाया कि जनता व सावर्जनिक हितों के खिलाफ जाकर मनोहर लाल खट्टर सरकार चंद ठेकेदारों के आगे घुटने टेके हुए है। बयान अनुसार सीटू के राज्य में एक लाख 25 हजार सदस्य जनता की खून-पसीने से खड़ी की गई रोडवेज जैसी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को बचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।