चन्हौता में क्रय -विक्रय की केंद्र की नींव

भरमौर—जनजातीय उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत चन्हौता में सोमवार को भरमौर-पांगी के विधायक जिया लाल कपूर ने क्रय विक्रय परिसर और पंचायत सामुदायिक भवन की नींव का पत्थर रखा। इस निर्माण पर पंद्रह लाख की अनुमानित राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर तय समयावधि में इस निर्माण कार्य को पूरा कर जनता को इसका लाभ प्रदान करने के आदेश मौके पर जारी किए है। इससे पूर्व जिया लाल का चन्हौता पहंुचने पर ग्रामीणों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। पंचायत प्रधान रचना देवी, पूर्व प्रधान विचित्र सिंह और जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य राकेश जरयाल की अगवाई में मंडल भरमौर के प्रबंधकीय सचिव मनोज शर्मा समेत कार्यकर्ताओं ने विधायक का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस मौके पर जिया लाल ने कहा कि पंचायत में लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के उददेश्य से सामुदायिक भवन में तीन दुकानों का निर्माण करवाया जाएगा। जनसभा के दौरान उन्होंने कहा कि चन्हौता की पेयजल योजना के फिल्टर टैंक व पाइप लाइन के लिए 25 लाख रुपयों की राशि मंजूर की गई है। उन्होंने कहा कि सिंयूर के गासण सड़क मार्ग की आठ करोड़ चालीस लाख की डीपीआर बनकर तैयार है तथा सिंयूर पुल के निर्माण कार्य पर पांच करोड़ की राशि व्यय की जा रही है। इस दौरान उन्होंने चन्हौता बस अड्डा के सुधारीकरण को भी शीघ्र आरंभ करने की बात कही। विधायक ने महिला मंडल मंढौत्रा के निर्माण के लिए यथासंभव विधायक निधि से धनराशि प्रदान करने की घोषणा भी की। जनसभा में विधायक ने पात्र 60 महिलाओं को उज्जवला योजना के तहत गैस चूल्हे और सिलेंडर भी वितरित किए। तथा आश्वासन देते हुए कहा कि शेष पात्र परिवारों की महिलाओं को गृहिणी सुविधा योजना से चूल्हे उपलब्ध करवाए जाएंगे। जनसभा के दौरान जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य राकेश जरयाल ने विधायक जिया लाल का चन्हौता में क्रय विक्रय परिसर व सामुदायिक भवन शिलान्यास करने पर आभार प्रकट किया। विधायक ने गत माह होली घाटी की पहाडियों पर फंसे तीन युवाओं को निकालने के लिए सरकार द्वारा दिखाई गई संवदेनशीलता व सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का भी मंच से आभार प्रकट किया। इस मौके पर एडीएम भरमौर पीपी सिंह, विधायक की पत्नी आशा कपूर, एसडीओ आईपीएच एसआर शर्मा, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सचिव रवि जुलकाण, परियोजना सलाहकार समिति के सदस्य अनूप कुमार, सांह पंचायत के प्रधान अशोक सांख्यान, न्याग्रां के उपप्रधान अशोक ठाकुर, मंडल सचिव सुभाष कपूर, एसटी मोर्चा महामंत्री राजेंद्र ठाकुर, एससी मोर्चा के अध्यक्ष विजय भारद्वाज, पंचायत समिति भरमौर की अध्यक्ष नीलम ठाकुर, भाजपा नेता टेक चंद शर्मा, अशोक शर्मा, सिरमौरी राम, टेक चंद समेत अन्य मौजूद रहे।

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!