मसरूंड में 170 ग्राम चरस पकड़ी

एसआईयू सैल की टीम को नाके के दौरान मिली कामयाबी, पुलिस रिमांड पर भेजे आरोपी

चंबा—पुलिस की एसआईयू सैल की टीम ने मसरूंड मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान आल्टो कार में सवार दो युवकों से 170 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने मौके पर ही सप्लायर का नाम भी उगल दिया। पुलिस ने आरोपियों के खुलासे के बाद सप्लायर के घर पर भी छापामारी की। पुलिस टीम ने सप्लायर के घर में तलाशी दौरान के कोट से 74 ग्राम चरस अलग से बरामद की। मगर सप्लायर पुलिस टीम के हत्थ नहीं चढ़ पाया। पुलिस ने मुख्य आरोपियों के खिलाफ  मादक द्रव्य अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है, जबकि सप्लायर को मामले में सह अभियुक्त नामजद किया गया है। पुलिस आरोपी सप्लायर की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने चरस तस्करी में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में ले लिया है। शनिवार दोपहर बाद चरस की खेप सहित गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड हेतु अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार एसआईयू सैल टीम के प्रभारी मुख्य आरक्षी वीरेंद्र सिंह की अगवाई में टीम ने हमलगला के पास नाका लगा रखा था। इसी दौरान मसरूंड की ओर से आ रही आल्टो कार को निरीक्षण हेतु रोका गया। पुलिस को देखकर कार में सवार दिनेश कुमार व रविंद्र कुमार दोनों वासी राजनगर घबरा गए। पुलिस को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध दिखने पर शक के आधार पर तलाशी दौरान कब्जे से 170 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने दोनों को चरस तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चरस की यह खेप कुठेड़ गांव के बलदेव से खरीदी है। जिस पर पुलिस ने बलदेव के घर पर भी छापामारी कर उसकी पत्नी की मौजदूगी में तलाशी के दौरान उसके कोट से 74 ग्राम चरस बरामद की। मगर बलदेव का कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस का दावा है कि जल्द मामले में सह अभियुक्त नामजद बलदेव को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चरस तस्करी के मुख्य आरोपियों व सह आरोपी के खिलाफ  सदर थाना में मामला दर्ज किया गया है।

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!