अमेरिका ने 22 रूसी व्यक्तियों एवं संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाये

वाशिंगटन-अमेरिका ने 18 रूसी व्यक्तियों और चार संस्थानों पर बुधवार को प्रतिबंध लगाये हैं। अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। जारी बयान के अनुसार, ‘रूस की ओर से अंतरराष्ट्रीय मानदंडों का निरंतर उपेक्षा किये जाने के फलस्वरूप यह प्रतिबंध लगाये गये हैं।’बयान के अनुसार 18 में से 15 व्यक्ति रूस के मुख्य खुफिया निदेशालय (जीआरयू) के सदस्य हैं जिनपर अमेरिका ने 2016 के अमेरिकी चुनाव में हस्तक्षेप करने का प्रयास, साइबर-सक्षम माध्यमों के सहारे अंतरराष्ट्रीय संगठनों को कमजोर करने के प्रयास और ब्रिटेन में एक हत्या का प्रयास करने में शामिल होने के आरोप लगाये हैं। बयान में कहा गया है कि अमेरिका ने चार संस्थाओं और कई अन्य रूस से जुड़े व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाये हैं जो दुनिया भर में राजनीतिक और चुनावी प्रणालियों में हस्तक्षेप करने के प्रयास किये।बयान के अनुसार अमेरिकी अधिकार क्षेत्र के अधीन इनकी सभी संपत्तियों को जब्त कर लिया गया है और अमेरिकी नागरिकों से उनके साथ लेनदेन में शामिल होने से मना कर दिया गया है।
अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने कहा कि ट्रम्प प्रशासन ने अब तक 272 रूस से संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाये हैं।