पांच साल तक लटकाई परियोजना

शिमला – प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने ऊना में स्वां नदी तटीकरण परियोजना के लिए केंद्रीय अंशदान के रूप में 105 करोड़ रुपए की राशि जारी करवाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद किया है। उन्होंने राज्य की पिछली कांग्रेस सरकार को केंद्र से धनराशि जारी करवाने के लिए कोई प्रयास न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने परियोजना को पूरे पांच साल तक लटका कर रखा। राज्य निधि से इस परियोजना के लिए कोई भी धनराशि जारी नहीं की गई और केंद्रीय धनराशि को कहीं और खर्च कर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद कार्य को पुनः शुरू किया गया और इसे गति प्रदान की गई।