एक नजर

माली में संयुक्त राष्ट्र के दस शांति सैनिक शहीद

मास्को। पश्चिमी अफ्रीकी देश माली में संयुक्त राष्ट्र के शांति स्थापना मिशन पर हुए आतंकवादी हमले में दस शांति सैनिक मारे गए और कम से कम 25 अन्य घायल हो गए। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता ने बताया कि इस हमले में मारे गए सभी शांति सैनिक चाड के थे। संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी वक्तव्य के मुताबिक, महासचिव श्री गुटेरेस ने चाड सरकार और मृतकों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट की है।

तालिबान का पुलिस केंद्र पर हमला, 18 की मौत

काबुल। पूर्वी अफगानिस्तान में एक सैन्य अड्डे और पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर समन्वित तालिबान हमले में सोमवार की सुबह कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। घटना में 30 से अधिक लोग घायल हो गए। प्रांतीय अधिकारियों ने यह इस हमले की जानकारी दी। अफगानिस्तानी सैनिकों ने दो तालिबानी आतंकवादियों को मार गिराया। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने मीडिया को बयान जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली।

पाइपलाइन विस्फोट में अब तक 85 की मौत

मैक्सिको सिटी। मैक्सिको के हिडाल्गो प्रांत में तेल पाइपलाइन में विस्फोट की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है, जबकि 58 लोग घायल हैं। मैक्सिको के स्वास्थ्य मंत्री जॉर्ज एल्सोसेर ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इससे पहले दी गई जानकारी में 79 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी। छह अन्य लोगों की मौत के बाद अब यह संख्या बढ़कर 85 हो गई है।

कर्नाटक में नाव पलटने से आठ लोगों की मौत

कारवार (कर्नाटक)। कर्नाटक के कारवार के नजदीक सोमवार को एक नाव काली नदी में डूब गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है। वहीं 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। नाव पर कुल 26 लोग सवार थे। एक लापता व्यक्ति की अब भी तलाश जारी है। नाव पलटने की सूचना जैसे ही आसपास के क्षेत्र में फैली, वैसे ही वहां हड़कंप मच गया। इन सबके इतर, यह घटना किन कारणों के चलते हुई, इस बात का अभी तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है।