सबसे बड़ा होगा सीयू का परिसर

1037 हेक्टेयर भूमि पर 1300 करोड़ की लागत से बनेंगे केंद्रीय विश्वविद्यालय के भवन

धर्मशाला – केंद्रीय विश्वविद्यालय को धर्मशाला व देहरा मेें भले ही एक दशक बाद जमीन हासिल हुई हो, लेकिन यह सबसे अधिक भूमि वाला विश्वविद्यालय बनेगा। आने वाले दिनों में इस विश्वविद्यालय के पास 1037 हेक्टेयर भूमि होगी। विश्वविद्यालय के भवन निर्माण पर करीब 1300 करोड़ से अधिक धनराशि खर्च होगी और इस निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए सरकार ने तीन साल का लक्ष्य निर्धारित किया है। धौलाधार के आंचल में बनने वाला यह विश्वविद्यालय देश के सबसे श्रेष्ठ विश्वविद्यालय में से एक होगा, जो शोध कार्य के लिए जाना जाएगा। शिलान्यास के बाद शुरुआती दौर में इसके दो कैंपस बनेंगे, लेकिन इसके अध्ययन केंद्रों के विस्तार की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। गुरुवार को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावडेकर तथा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने धर्मशाला के निकट जदरांगल में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर की आधारशिला रखी। इससे पूर्व विश्वविद्यालय के दूसरे परिसर की देहरा में भी आधारशिला रखी गई। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडे़कर ने इस अवसर पर कहा कि केंद्र सरकार विश्वविद्यालय परिसर का निर्माण शीघ्र पूरा करने को सुनिश्चित बनाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी। निर्माण के लिए धनराशि की किसी तरह से कोई कमी नहीं आएगी। जावड़ेकर ने कहा कि केंद्र सरकार पाकिस्तान को उस द्वारा घाटी में प्रायोजित आतंकी गतिविधियों का मुंहतोड़ जवाब देगी। केंद्र सरकार ने पाकिस्तान से मोस्ट फेवर्ड राष्ट्र का दर्जा हटा दिया है। कश्मीर के हुर्रियत नेताओं को प्रदान की गई सुरक्षा को वापस ले लिया गया है। आतंकी वित्तपोषण (फंडिंग) पर नजर रखने के लिए अनेक पग उठाए गए हैं और प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों से निपटने के लिए सेना को खुली छूट दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के दो परिसर होंगे और विश्वविद्यालय का यह विशाल परिसर 1000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में स्थापित होगा। इन दोनों परिसरों में न केवल क्षेत्र के युवाओं को गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध होगी, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।  विश्वविद्यालय वर्ष 2010 में क्रियाशील कर दिया था, परंतु विश्वविद्यालय को दो स्थानों पर अपने परिसर प्राप्त करने में लगभग नौ वर्ष का समय लग गया। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय/यूजीसी के मानकों के अनुरूप आने वाले समय में विश्वविद्यालय के 14 स्टडी स्कूल तथा लगभग 70 अध्ययन विभागों के अतिरिक्त लगभग 40 अध्ययन केंद्र होंगे। प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार लाने पर विशेष ध्यान दे रही है। इन दोनों परिसरों के निर्माण पर 1300 करोड़ रुपए से अधिक व्यय किए जाएंगे और यह संस्थान क्षेत्र में उच्चत्तर शिक्षा का मुख्य केंद्र बनेगा। इन दोनों परिसरों का निर्माण कार्य आगामी तीन वर्षों में पूरा हो जाएगा। इस अवसर पर पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए शहीद तिलक राज को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।