हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश संयोजक का निधन

बिझड़ी – हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश संयोजक विमल भारद्वाज (40) का लंबी बीमारी के चलते पुणे के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। बड़सर विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाले विमल भारद्वाज की मौत का समाचार मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से हर कोई सन्न है। जानकारी अनुसार विमल भारद्वाज पिछले कई महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। पूणे के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन पिछले एक माह से उनकी तबीयत ज्यादा खराब चल रही थी। सोमवार रात लगभग नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार सोनीपत में बुधवार को किया गया।  गौर रहे कि विमल भारद्वाज प्रसिद्ध समाजसेवी एवं जय जवान, जय किसान सेवा संगठन के संयोजक सीताराम भारद्वाज के छोटे बेटे थे। सीताराम भारद्वाज  बड़सर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। विमल भारद्वाज को क्षेत्र में समाजसेवी के तौर पर जाना जाता था। विमल भारद्वाज के आकस्मिक निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने शोक व्यक्त किया है।