देश के युवा राष्ट्र का भविष्य

तिरुपति में छात्र संवाद कार्यक्रम में सीएम जयराम के बोल

शिमला – देश के युवा हमारे राष्ट्र का भविष्य हैं, जिनके कार्यों का भारत विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान है। वे जनसंख्या के सबसे गतिशील खंड का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को आंध्र प्रदेश के तिरुपति में राष्ट्रीय संस्कृत विद्यापीठ में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना और भविष्य उनके युवाओं के हाथों में होती है, वे महत्त्वाकांक्षाओं और रचनात्मक विचारों से भरे होते हैं। अगर इन युवाओं को उनकी प्रतिभा का उपयोग करने का अवसर न मिले, तो वे मानव संसाधनों की भारी बर्बादी होगी। जय राम ठाकुर ने कहा कि युवाओं की प्राथमिक भूमिका भविष्य में बेहतर नागरिक बनने के लिए योग्य शिक्षा प्राप्त करना है, उन्हें अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए योग्य हुनर सीखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की पूरी सफलता युवाओं पर निर्भर करती है, क्योंकि युवा राष्ट्र को बेहतर बनाने की ताकत रखते हैं और साथ ही उनमें अपने साथी नागरिकों को सही दिशा में ले जाने की क्षमता भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा समस्या का समाधान करने में सक्षम है और राष्ट्र को चाहिए की वे हमारी अधिकांश समस्याओं को हल करें। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे राष्ट्र के युवा नशे के जाल में फंसते जा रहे हैं, जो कि चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बच्चों को पल्स पोलियो ड्रॉप्स भी पिलाई। वहीं राष्ट्रीय संस्कृत विद्यापीठ के कुलपति प्रो. जीएसके कृष्णामूर्ति और डीन शिक्षा प्रो. प्रहलाद जोशी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के तिरुपति में हुई राज्य भाजपा के पदाधिकारियों की बैठक में भी भाग लिया।