आनंद-वीरभद्र की मौजूदगी में कर्नल शांडिल ने भरा परचा

शिमला – शिमला संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कर्नल धनीराम शांडिल ने मंगलवार को नामांकन पत्र भरा। राज्यसभा में उपनेता आनंद शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की मौजूदगी शांडिल नामांकन पत्र भरने पहुंचे। नामांकन भरने से पहले शांडिल ने कालीबाड़ी मंदिर में माथा टेका। शिमला के एजी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से ही एकत्रित हुए और शांडिल ने निर्वाचन अधिकारी राजेश्वर गोयल के पास अपना परचा भरा। हालांकि  पहले पार्टी मुख्यालय  में जनसभा का शेड्यूल था, लेकिन अचानक कार्यक्रम में बदलाव हुआ और एजी चौक से डीसी ऑफिस तक पहुंचे। कांग्रेस की ओर से यह पहला नामांकन है। यहां तक कि   शक्ति प्रदर्शन भी होना था, लेकिन नहीं हुआ। नामांकन भरने के लिए धनीराम शांडिल के साथ नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर आए, लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा और पूर्व मुख्यंमत्री वीरभद्र सिंह करीब 15 मिनट बाद नामांकन स्थल पर पहुंचे। बता दें कि कांग्रेस प्रत्याशी धनीराम शांडिल चौथी बार चुनावी मैदान में उतरे हैं।वे 78 वर्ष के हैं। पहली बार 1999 में हिमाचल विकास कांग्रेस और 2004 में कांग्रेस टिकट पर चुनाव जीत कर आए। उसके बाद 2009 के चुनाव में भी कांग्रेस से चुनावी मैदान में उतरे थे और उन्हें भाजपा के वीरेंद्र कश्यप ने पराजित किया।  वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। वर्तमान में वे सोलन से कांग्रेस विधायक हैं। 

चुनौतियों के साथ मैदान में उतरा हूं

कांग्रेस प्रत्याशी धनीराम शांडिल ने कहा कि इस बार के चुनाव में कई चुनौतियां हैं, जिसका सामना करने के लिए मैदान में उतर गया हूं।   शिमला संसदीय सीट के 17 विधानसभा क्षेत्रों की जनता का प्यार कांग्रेस को मिल रहा हे। इसके साथ-साथ मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ देश और प्रदेश के वोटर्स इस बार कांग्रेस के साथ दिखाई दे रहे हैं 

वर्ष 2014 के चुनाव में मोदी ने देश और प्रदेश की जनता को गुमराह किया और वोट की राजनीति की, इस बार के चुनाव में ऐसा नहीं चलेगा। मोदी सरकार ने हिमाचल के साथ भी भेदभाव किया, इस बार के चुनाव में कोई मोदी लहर नहीं चलेगी, देश और प्रदेश की जनता  भाजपा को आईना दिखाएगी। देश की जनता को कांग्रेस ही न्याय देगी

 वीरभद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री

पांच करोड़ के मालिक हैं शांडिल

शिमला – कांग्रेस प्रत्याशी कर्नल धनीराम शांडिल पांच करोड़ से  अधिक के मालिक हैं। मंगलवार को नामांकन पत्र भरते वक्त धनीराम शांडिल ने चुनाव आयोग को अपनी चल और अचल संपत्तियों का ब्यौरा दिया। शांडिल के पास वर्तमान में दो करोड़ 94 लाख 82 हजार 258 की अचल संपत्ति है। जबकि एक करोड़ 60 लाख 52 हजार 328 चल संपत्ति है। इसके साथ-साथ उनके पास 73 लाख की पुशतैनी संपत्ति भी है। यानी कुल मिला कर पांच करोड़ 28 लाख 34 हजार 586 की संपत्ति हैं। शांडिल को  सेना से 83 हजार 564 प्रति माह पेंशन भी मिल रही हे। उनको   एक लाख 65 हजार 426 रुपए प्रति माह विधायक का वेतन भी मिल रहा है।  धनीराम शांडिल पर 41 लाख की देनदारियां हैं।