चुनावी मौसम में भी ‘घर’ में डटे साहब

आदेशों के बाद भी गृह जिला से नहीं बदले 21 नायब तहसीलदार, विभाग ने चुनाव आयोग को भेजी झूठी रिपोर्ट

शिमला – गृह जिलों में तैनात 21 नायब तहसीलदारों के तबादला आदेश जारी करना राजस्व विभाग भूल गया। केंद्रीय चुनाव आयोग के आदेशों की उल्लंघना के इस सनसनीखेज मामले पर राजस्व विभाग बैकफुट पर आ गया है। मंडलायुक्त शिमला के अधीन इन नायब तहसीलदारों में सात अफसरों को चुनाव अधिकारी पद पर पोस्टिंग दी गई है। हालांकि राजस्व विभाग ने चुनाव आयोग के 16 जनवरी, 2019 के आदेशों की पालना का दावा करते हुए इन सभी अधिकारियों के तबादला आदेशों की आयोग को रिपोर्ट भेजी थी। इसके चलते राजस्व विभाग के अफसरों के खिलाफ केंद्रीय चुनाव आयोग को झूठी रिपोर्ट भेजने पर बड़ी कार्रवाई संभव है। शिमला डिवीजन में तैनात सभी तहसीलदारों के तबादला आदेश मंडलायुक्त शिमला के अधिकार क्षेत्र में थे। शिमला के डिवीजनल कमिश्नर ने चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेज कर दावा किया था कि शिमला मंडल के अधीन सभी नायब तहसीलदारों को आयोग की गाइडलाइंस के तहत बदल दिया है। अब इस भयंकर चूक के बाद एक के बाद एक 21 अफसरों के गृह जिला में पोस्टिंग का खुलासा हुआ है। इस आधार पर 14 नायब तहसीलदारों को राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी की अनुमति पर बदल दिया गया है। निर्वाचन अधिकारी की सेवाएं दे रहे असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (एईआरओ) यानी सात नायब तहसीलदारों का मामला चुनाव आयोग को भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि शिमला डिवीजन के तहत कुल 85 नायब तहसीलदारों में से 15 तहसीलदारों को बतौर एईआरओ तैनाती दी गई है। इनमें सात नायब तहसीलदार अपने गृह जिला में सेवारत हैं। केंद्रीय चुनाव आयोग को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि इन अधिकारियों की तैनाती आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। हालांकि पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह किसी गलत मानसिकता के तहत अधिकारियों को न बदलने की भूल नहीं की है। बहरहाल अब उजागर हुए इस मामले के बाद मंडलायुक्त शिमला ने सभी 21 अफसरों के तबादला आदेशों के लिए हिमाचल के मुख्य चुनाव अधिकारी से अनुमति मांगी है। इसके चलते मुख्य चुनाव अधिकारी ने 14 नायब तहसीलदारों को बदलने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। एईआरओ पद पर सेवाएं दे रहे सात नायब तहसीलदारों के तबादले की अनुमति केंद्रीय चुनाव आयोग से मांगी गई है।

एईआरओ का पोस्टिंग प्रोपोजल

ना. तहसीलदार     गृह जिला तैनात  ट्रांसफर

बालक राम            शिमला    जुन्गा      कृष्णागढ़

दीवान सिंह           शिमला    टिक्कर     दाड़लाघाट

बसंत राम             सोलन     कृष्णागढ़  टिक्कर

दौलत राम             सोलन     दाड़लाघाट  जुन्गा

प्यारे लाल             सोलन     कोटगढ़    हरिपुरधार

दिनेश कुमार          सिरमौर    हरिपुरधार कोटगढ़

विनोद कुमार          सिरमौर    रोनहाट    कंडाघाट

इनके तबादला आदेश जारी

ना. तहसीलदार     गृह जिला तैनात     ट्रांसफर

मालक राम            शिमला    डोडराक्वार   सांगला

बलराज नेगी          शिमला    ग्रा. शिमला बद्दी

हीरा लाल             शिमला    श. शिमला  नाहन     

विपन कुमार          शिमला    कोटखाई  नौहराधार

नारायण सिंह          शिमला    रोहड़ू      रामशहर

मोहतू राम             शिमला    जुब्बल    कमरऊ

नंदलाल               शिमला    ननखड़ी   शिलाई

सत्यपाल              शिमला    कुमारसैन  पझोता

रघुबीर सिंह           शिमला    चौपाल    पंजेड़ा

प्रेम सरिता             किन्नौर    टापरी      जलोग

राजेश गर्ग             सोलन     पंजेड़ा     ददाहू

प्रदीप कुमार           सोलन     कंडाघाट  ग्रा. शिमला

हेमचंद                सोलन     नालागढ़   जांगला

इंद्र कुमार             सोलन     कुनिहार   पांवटा