जयराम का सैनिक कार्ड

वन रैंक-वन पेंशन सहित सभी मुद्दे भुनाए

धर्मशाला    —मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने देश के सबसे बड़े पूर्व सैनिक व सैनिक बहुल जिला कांगड़ा में सैनिक कार्ड खेला है। मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर के प्रचार को पहुंचे मुख्यमंत्री ने वीरभूमि में पहुंचते ही यहां के पूर्व सैनिकों को वन रैंक, वन पेंशन से लेकर दिए गए अन्य सभी लाभों एवं राष्ट्रवाद के मुद्दे को भुनाने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने कांगड़ा की वीरभूमि को नमन करने के साथ यहां के पूर्व सैनिकों के लिए शुरू की योजनाओं को एक-एक करके लोगों के समक्ष रखा। जयराम ने कहा कि मोदी सरकार ही ऐसी सरकार है, जिसने दशकों बाद सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा के लिए नई पहल की।  बता दें कि जयराम ठाकुर हर वर्ग को विशेष योजना के साथ साधने का प्रयास कर रहे हैं। यही वजह है कि महिला एवं युवा सम्मेलन करके सबसे पहले इन वर्गों को भाजपा व मोदी के पक्ष में खड़ा किया जा रहा है। इसके अलावा अब मुख्यमंत्र संबंधित क्षेत्र की नब्ज को भी पकड़ने लगे हैं। कांग्रेस के प्रचार की ढीली कमान का लाभ उठाते हुए जयराम चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सभी विधायकों एवं मंत्रियों को अपने अपने क्षेत्रों में लीड दिलाने के साथ साथ सफल कार्यक्रम करवाने के भी लक्ष्य दे दिए हैं। मुख्यमंत्री दो दिन के कांगड़ा प्रवास पर हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा वीरभूमि है और नरेंद्र मोदी ने सैनिकों के कल्याण के लिए सराहनीय कार्य किए हैं।