धर्म और जाति-पात की बात करने वालों के भड़कावे में न आये जनता : प्रियंका

 

फतेहपुर  – कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसी पार्टी का नाम लिये बिना कहा कि लोगों को धर्म और जाति-पात की बात करने वालों के भड़कावे में नही आना चाहिये। सुश्री वाड्रा शनिवार दोपहर साढ़े बारह बजे कानपुर के अहिरवां एयरपोर्ट पर विशेष विमान से उतरने के बाद फतेहपुर के औंग में आयोजित जनसभा स्थल पर पहुंची। यहां पर सबसे पहले उन्होंने महिला संवादी कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि धर्म और जाति पात की बात करने वालोें से जनता को सावधान रहने की जरूरत है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि धर्म और जाति पात की बात करने वालों के भड़काने में न आये। आप पहले पार्टियों में अंतर समझिए। समझिये की आपकी भलाई किसमें है। धर्म और जाति पात के नाम पर लड़ने से देश पिछड़ जायेगा। इसमें सबका बिगाड़ होता है। सबका हक सभी को मिलना चाहिए तभी सब आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि अपनी सूझबूझ से आप अपना वोट डालने जाएं। कांग्रेस ने हर गरीब महिला के खाते में 72 हजार रुपये भेजने की बात की है। कांग्रेस का साथ दीजिए और फालतू बोलने वालों से कहिए अपना रास्ता नापो। इससे पहले कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा का विशेष विमान दोपहर 12:25 पर कानपुर के अहिरवां एयरपोर्ट पर पहुंची। कानपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, अकबरपुर सीट से प्रत्याशी राजाराम पाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री, नगर ग्रामीण अध्यक्ष संजीव दरियाबादी, देहात अध्यक्ष नीतम सचान ने श्रीमती वाड्रा से मुलाकात की।