नरेन्द्र मोदी ने देश को सुरक्षित करने का काम किया : अमित शाह

 

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राष्ट्र को सर्वोपरी बताते हुए आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश और देशवासियों को सुरक्षित करने का काम किया है। श्री शाह ने मुंगेर संसदीय क्षेत्र के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रत्याशी एवं राज्य के जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के समर्थन में यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा को लेकर पाकिस्तान पर दो बार स्ट्राइक किया। उरी हमले के बाद पहली बार सर्जिकल स्ट्राइक की गयी जबकि दूसरी बार पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान में घुसकर एयर स्ट्राइक की गयी। नरेन्द्र मोदी ने अपने ठोस कदम से देश के साथ-साथ यहां निवास करने वाले एक सौ पच्चीस करोड़ से अधिक देशवासियों को सुरक्षित करने का काम किया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने उस समय चुप्पी साध ली जब पाकिस्तान के सैनिकों ने भारतीय जवानों का सिर कलम किया। पूर्व प्रधानमंत्री डा0 मनमोहन सिंह मौनी बाबा बने रहे। उन्होंने कहा कि नया भारत अब किसी से डरता नहीं बल्कि त्वरित कार्रवाई करता है। श्री शाह ने बिहारवासियों को पूर्ववर्ती लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी सरकार के शासन के कारनामों की याद दिलाई और कहा कि बिहार के लोग आज भी लालू-राबड़ी की सरकार के आतंक और भ्रष्टाचार को भूल नहीं सके हैं। राज्य के उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी राजग प्रत्याशी ललन सिंह को विजयी बनाने की अपील की। सभा को राजग के अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।