फिर सुन लें! सभी के साथ चलें

कांग्रेस प्रभारी की नसीहत; जिम्मेदारी निभाएं, वरना अच्छे नहीं होंगे नतीजे

शिमला —कांगे्रस पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने एक दफा फिर सभी नेताओं को नसीहत दी है कि वे एक होकर चलें। उन्होंने साफ कह दिया है कि जिसे जो जिम्मेदारी दी है, उसका उत्तरदायित्व भी उसी का होगा, इसलिए बाद में कोई जवाब नहीं सुना जाएगा। कांग्रेस प्रभारी को बार-बार अपने नेताओं को नसीहत देनी पड़ रही है। रजनी पाटिल रविवार को शिमला पहुंचीं, जहां उन्होंने शहरी कांग्रेस की बैठक ली। उन्होंने साफ कहा कि जिसे भी हाइकमान की मंजूरी से पार्टी में वापस लिया गया है, वह कांग्रेस का ही वर्कर है, इसलिए सभी एकजुट होकर सभी को साथ लेकर चलें अन्यथा अंजाम ठीक नहीं होगा। कांग्रेस के बड़े नेताओं की गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है, मगर इसे दूर कर एक साथ सभी को लाने का प्रयास किया जा रहा है। इस तरह के प्रयासों को यदि कोई झटका देता है, तो संगठन उसके खिलाफ कार्रवाई से भी गुरेज नहीं करेगा। रजनी पाटिल ने शिमला पहुंचकर यहां प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर के साथ कई मामलों पर चर्चा की। उन्होंने राजनीतिक हालातों पर बात की और यहां किस तरह का प्रचार चल रहा है, उसके बारे में जाना। सोमवार को कांग्रेस के कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी पवन काजल ने नामांकन भरना है और इस मौके पर कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता साथ होंगे। इसी मौके पर शामिल होने के लिए रजनी पाटिल भी यहां आई हैं। कांगड़ा में एक बड़ी जनसभा करने की कांग्रेस की तैयारी है। यहां कांग्रेस नामांकन के बहाने अपना दम दिखाएगी।

फिर मच गया बवाल

हमीरपुर में वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह ने फिर से सुक्खू को लेकर बात कही थी, जिससे फिर संगठन में बवाल मच गया। इस मामले पर बेशक सुक्खू ने पर्दा डाल दिया, लेकिन वह रजनी पाटिल के ध्यान में इसे जरूर लाएंगे। वीरभद्र सिंह अभी कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में ही हैं और आने वाले एक सप्ताह तक इसी संसदीय क्षेत्र में प्रचार भी करेंगे।