बिगड़े बोलों पर फंसे सत्ती

सोनिया-राहुल के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों पर भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ थाने में शिकायत

शिमला -सोलन जिला के रामशहर में एक जनसभा के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती की कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों को लेकर मामला गरमा गया है। कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर जहां सतपाल सिंह सत्ती की घेरेबंदी की है, वहीं भाजपा को भी कठघरे में खड़ा कर दिया है। कांग्रेस प्रदेश भर में मंगलवार को इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने जा रही है और उसने चेतावनी दी है कि यदि सत्ती ने सार्वजनिक रूप से कांग्रेस के आला नेताओं पर की गई टिप्पणी पर माफी नहीं मांगी तो वे भाजपा नेताओं का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल कर देंगे। इस मामले पर कांग्रेस के तेवर तीखे दिख रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने जहां शिमला के सदर थाना में सतपाल सिंह सत्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को ऑनलाइन शिकायत भेजी है, वहीं मंडी में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस में उनके खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। कांग्रेस पार्टी इस मामले पर मंगलवार को प्रदेश भर में उनके खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगी, वहीं सोमवार को कांगे्रस की ओर से शिमला के सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए एक पत्र कांग्रेस ने भेजा है। इस शिकायत पत्र में कांग्रेस ने कहा है कि सतपाल सिंह सत्ती ने सोनिया गांधी के खिलाफ टिप्पणी की है, जोकि सीधे रूप से महिला समाज का अपमान है। महिलाओं के प्रति इस तरह की टिप्पणियां  निराशाजनक हैं, वहीं सतपाल सत्ती ने राहुल गांधी के खिलाफ भी टिप्पणियां की हैं, जिस पर कांग्रेस ने ऐतराज जताया है। कांग्रेस के महासचिव रजनीश किमटा ने  सदर थाना पुलिस को ऑनलाइन शिकायत भेजकर इस मामले में उनकी ओर से प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। शिमला पुलिस के डीएसपी मुख्यालय प्रमोद शुक्ला ने फिलहाल इस तरह की कोई शिकायत उनके पास आने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर नियमों के तहत कार्रवाई होगी। कांगे्रस महासचिव ने इस शिकायत में कहा है कि भाजपा के नेता बौखलाहट में ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनको किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। मंगलवार को प्रदेश भर में कांग्रेस, भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। बहरहाल भाजपा प्रदेशाध्यक्ष द्वारा सार्वजनिक रूप से कांग्रेस के आला नेताओं के खिलाफ बोलना उन्हें भारी पड़ सकता है। लोकसभा चुनाव चरम पर है और इस दौरान इस तरह के मामलों से राजनीति गरमाती है। हिमाचल की सियासत में भी सत्ती की बयानबाजी से गरमाहट आ गई है।

आज पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

शिमला। भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांगे्रस पार्टी मंगलवार को प्रदेश भर में सत्ती के खिलाफ प्रदर्शन करेगी और धरना देगी। संगठन ने कहा है कि सत्ती राहुल गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो सत्ती का घेराव होगा। 16 अप्रैल को भाजपा के खिलाफ 11 बजे प्रदेश भर में विरोध रैलियों का आयोजन किया जाएगा। अगर सत्ती ने माफी नहीं मांगी तो भाजपा नेताओं का घर से निकलना मुश्किल कर देंगे।