भाजपा ही देश में भ्रष्टाचार मिटा सकती है-राजे

 

अजमेर – राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा ) ही देश में एकमात्र ऐसी सशक्त पार्टी है, जो भ्रष्टाचार को मिटा सकती है। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती राजे आज अजमेर संसदीय से पार्टी के प्रत्याशी भागीरथ चौधरी के नामांकन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थी। उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिये कांग्रेस के घोषणापत्र पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन पचपन साल के शासन में वे गरीबी नहीं हटा पाए लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच साल में यह कर दिखाया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजना, स्वच्छ भारत योजना आदि जनहित की योजनाओं को राज्य सरकार के साथ मिलकर जनता के लिए जो काम किए उससे पूरे देश की जनता लाभान्वित हुई है। उन्होंने राज्य में लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि चुनाव की यह लड़ाई धनबल और जन बल के बीच की है। जिसका उदाहरण अजमेर में देखा जा सकता है लेकिन यहां चुनाव में विजय जनबल की ही होने जा रही है। श्रीमती राजे कहा कि राज्य में भाजपा के शासन काल में चलाए गए विकास कार्य रोक दिए गए है। तीन महीनों के कांग्रेस शासन में सब कुछ ‘ ठप्प ‘ पड़ा है। भामाशाह योजना, न्याय आपके द्वार, राजश्री योजना, अन्नपूर्णा योजना, गौरव पथ बनाने का काम, धरोहरों के संरक्षण का काम सभी कुछ धीमी गति के समाचारों की तरह है।  उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री से लेकर सभी मंत्री पैसा नहीं होने का रोना रोते है। जब पैसा है ही नहीं तो किसानों की कर्जामाफी कैसे होगी। संपूर्ण कर्जा का झांसा विधानसभा के चुनाव के दौरान क्यों दिया गया? दो लाख तक के कर्जे भी कांग्रेस सरकार माफ करने म़े पूरी तरह विफल रही। श्रीमती राजे ने बेरोजगारों को 3500 रुपये का भत्ता दिए जाने पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस अगले चुनाव के पहले पहले दे देगी। उन्होंने राज्य में महिलाओ पर हो रहे अत्याचार पर भी कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया और राज्य में कानून एवं व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में अजमेर के विकास में कोई कमी नहीं रखी गई। चालीस करोड़ रुपए की लागत से आनासागर के चारों ओर गौरव पथ का निर्माण कराया गया। इसके अलावा किशनगढ़ हवाई अड्डे से दिल्ली के बाद अब अहमदाबाद और हैदराबाद की उड़ानें भी भाजपा कार्यकाल के प्रयासों की देन है।