लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 64 फीसदी वोटिंग

नई दिल्ली – लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए 15 राज्यों की 117 सीटों पर मंगलवार को औसतन 64 फीसदी मतदान हुआ। हिंसा के बावजूद पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 79 फीसदी वोट पड़े। बंगाल के मुर्शिदाबाद में एक मतदान केंद्र पर तृणमूल और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई। इस दौरान वोट डालने के लिए लाइन में लगे वोटर की मौत हो गई। दूसरे बूथ के पास अज्ञात लोगों ने बम फेंका। पहले इस चरण में 14 राज्यों की 114 सीटों पर वोटिंग होनी थी। दूसरे चरण में सुरक्षा कारणों के चलते त्रिपुरा की ईस्ट त्रिपुरा सीट पर मतदान नहीं हो पाया था। इस सीट को भी तीसरे चरण में शामिल किया गया। 2014 लोकसभा चुनाव में इन 117 सीटों पर 68.08 फीसदी मतदान हुआ था। मंगलवार को असम की चार सीटों पर 76, बिहार की पांच सीटों पर 60, गोवा में दो सीटों पर 71, गुजरात की 26 सीटों पर 60, कश्मीर की अनंतनाग सीट पर 13, कर्नाटक की 14 सीटों पर 64, केरल की 20 सीटों पर 70, महाराष्ट्र की 14 सीटों पर 56, ओडिशा की छह सीटों पर 58, त्रिपुरा की एक सीट पर 78, उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर 58, पश्चिम बंगाल की पांच सीटों पर 79, छत्तीसगढ़ की सात सीटों पर 66, दादरा नगर हवेली की एक सीट पर 71 तथा दमन दीव की एक सीट पर 65 फीसदी वोटिंग हुई।