विनेश और साक्षी ने जीते कांस्य

नई दिल्ली – राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों की स्वर्ण विजेता विनेश फोगाट और रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने चीन के शियान में चल रही सीनियर एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता में शुक्रवार को कांस्य पदक जीत लिये। भारत की कुमारी मंजू और दिव्या काकरान ने कल महिला वर्ग में कांस्य पदक दिलाये थे। भारत ने इस तरह महिला वर्ग में चार कांस्य पदक हासिल किये जो इस वर्ग में इसका पिछली बार के मुकाबले निराशाजनक प्रदर्शन है। भारत ने पिछली एशियाई चैंपियनशिप में महिला वर्ग में एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते थे। इन चार कांस्य पदकों के साथ भारत के इस चैंपियनशिप में कुल 12 पदक हो गये हैं। भारतीय फ्री स्टाइल पहलवानों ने प्रतियोगिता के पहले दो दिन एक स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य सहित कुल आठ पदक जीते थे। विनेश से भारत को स्वर्ण पदक की उम्मीद थी लेकिन उन्हें इस बार कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। विनेश ने कांस्य पदक मुकाबले में चीन की कियानयू पांग को 8-1 से पराजित किया। विनेश को क्वार्टरफाइनल में जापान की मायू मूकीआदा से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन रेपचेज में उन्होंने ताइपे की जो सीह चियू को 6-0 से हराकर कांस्य पदक मुकाबले में प्रवेश पाया था।