सत्ती के पुतले फूंके, बर्खास्त करने की मांग

चंबा—जिला कांग्रेस कमेटी चंबा ने मंगलवार को राहुल गांधी पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भरमौर चौक पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने सतपाल सत्ती से इस अभद्र टिप्पणी के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने को कहा है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा हाइकमान से सतपाल सत्ती को बर्खास्त करने की मांग भी उठाई। इस विरोध-प्रदर्शन की अगवाई जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान नीरज नैयर ने की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता को देखकर भाजपा बुरी तरह बौखला गई है। उन्होंने कहा कि सतपाल सत्ती ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध अमर्यादित शब्दों व गाली- गलौज का इस्तेमाल कर भाजपा के संस्कारों का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सतपाल सत्ती के अमर्यादित शब्दों पर कड़ी आपत्ति जाहिर करती है। उन्होंने कहा कि जात-पात व धर्म की राजनीति करना भाजपा की फितरत रही है। नीरज नैयर ने कहा कि अगर सतपाल सत्ती ने इसके लिए सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मांगी, तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। इस मौके पर युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष कपिल भूषण, पूर्व पार्षद अमीन मलिक, वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता नरेश राणा व  राकेश कुमार समेत काफी तादाद में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बहरहाल, मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर अमर्यादित टिप्पणी व गाली-गलौच के विरोध में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पुतला फूंककर अपना विरोध प्रकट किया।