हर बार मेरा हौसला बढ़ाती रहीं वीरभद्र की टिप्पणियां

शिमला —प्रदेश के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि  वीरभद्र सिंह की टिप्पणियां उनके लिए आशीर्वाद की तरह हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें आगे बढ़ने को प्रेरित करने के लिए ही वीरभद्र सिंह प्यार से टिप्पणियां करते हैं। उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व हमीरपुर में ही इशारों इशारों में वीरभद्र सिंह ने कहा था कि पार्टी संगठन से गंद साफ हो गया है। सुक्खू ने भाजपा के नेताओं को भी नसीहत दी है और कहा कि भाजपा उन पर होने वाली टिप्पणियों को दिल से न लगाए, क्योंकि यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है।  उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में कांग्रेस बूथ स्तर तक पहुंची और युवाओं को संगठन में स्थान मिला। उसका ही नतीजा है कि कांग्रेस हिमाचल की चारों लोकसभा सीटें जीतने जा रही है। वहीं, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज को भाजपा का कुनबा संभालने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ वह पद के लिए नहीं जुड़े, पार्टी की विचारधारा से जुड़े हैं। उन्हें भाजपा में जाने की जरूरत नहीं। सुरेश भारद्वाज चाहें तो कांग्रेस में आ सकते हैं। उनकी पार्टी के नेता व पूर्व सांसद हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। अनेक और नेता कांग्रेस का दामन थामने के लिए पार्टी हाईकमान के संपर्क में हैं। इसलिए भाजपा दूसरों को सुझाव देने के बजाय अपना घर संभालें।