अनुबंध कर्मियों को नियुक्ति की तिथि से मिलें सभी लाभ

मंडी – हिमाचल प्रदेश अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन ने प्रदेश सरकार से अनुबंध कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता लाभ देने की मांग की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग, प्रदेश महासचिव अनिल सेन, संरक्षक राजेश जहसिंहपुरिया, सलाहकार राजेश वर्मा, मंडी जिला अध्यक्ष कृष्ण यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज कौशल, उपाध्यक्ष पवन रावत, देवेंद्र शर्मा, विनोद कुमार सचिव परस राम यादव, पे्रस सचिव मुरारी लाल ने कहा कि विभिन्न विभागों में संवैधानिक तरीके से बैचवाइज या कमीशन पास करके अनुबंध या अनुबंध से नियमित कर्मचारियों को नियमों में संशोधन करके अनुबंध काल को कुल सेवा काल में जोड़ा जाए। इसके साथ ही सरकार नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता लाभ भी कर्मचारियों को दे। अनिल सेन ने कहा कि पूर्व में अनुबंध काल आठ वर्ष था। बाद में यह घटते हुए छह वर्ष, पांच वर्ष तथा वर्तमान में सिर्फ  तीन वर्ष ही रह गया है। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी आठ, छह या पांच वर्ष बाद नियमित हुए हैं, उनको वित्तीय नुकसान के साथ ही अंत में उनके कुल सेवा काल में भी कमी आएगी तथा वह वरिष्ठता सूची में भी पिछड़ते जा रहे हैं।