अभी हौसला नहीं हारी है कांग्रेस

हरियाणा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर बोले, फिर जीत के लिए मंथन करेगी पार्टी

सिरसा – हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा है कि पार्टी लोकसभा का चुनाव जरूर हारी है, लेकिन हौंसला नहीं। वे अब नई ऊर्जा के साथ विधानसभा चुनावों में जनता के बीच जाएंगे और जीतेंगे। डा. तंवर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विधानसभा के चुनावों में मुद्दे अलग हैं और कांग्रेस अभी से अपनी स्थिति सुधारने का काम करेगी। 25 मई को दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस की हार के लिए पार्टी में गुटबाजी होने के सवाल को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि जीत-हार के मसले को छोड़ कर वे विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट जाएं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनावों में क्षेत्रीय मुद्दे गौण हो गए और जनता ने मोदी के नाम पर वोट दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की बेकायदगियों के खिलाफ पार्टी का सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रहेगा। आने वाले समय में जनता के साथ रू-ब-रू होंगे और इसका समर्थन हासिल करेंगे। एक सवाल पर डा. तंवर ने कहा कि प्रदेश में पार्टी प्रत्याशियों के लिए किसने जी तोड़ काम किया। इसकी गांव स्तर तक की रिर्पोट मंगाई गई है।  इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और जननायक जनता पार्टी (जजपा) को लेकर उन्होंने कहा कि ये दोनों क्षेत्रीय दल अपने चौटाला गांव में भी अपना वर्चस्व नहीं कायम रख पाए। उन्होंने हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता के सवाल पर कहा कि शनिवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के हाई कमान से बात कर इस पर निर्णय लिया जाएगा।