खाई में समाई पिकअप, दो की मौत

ठियोग के देहा में दर्दनाक हादसा, एक सवार गंभीर जख्मी

 ठियोग —देहा से लगभग तीन किलोमीटर दूर धार नाला के पास सोमवार दोपहर बाद लगभग अढ़ाई बजे एक बोलेरो पिकअप (एचपी 62ए-4414)  लगभग 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में गाड़ी में सवार तीन व्यक्तियों में से दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को गहरी चोटें आई हैं। उसे स्थानीय लोगों की सहायता से सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया है। एक्सीडेंट की खबर पुलिस थाना देहा को मिलते ही पुलिस थाना देहा से टीम ने मौके पर जाकर लोगों की सहायता से घायल को सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया तथा शवों को गहरी खाई से निकाला। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन भी शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान सुनील चंद पुत्र कमल सिंह, गांव गौधार देहा, हरिप्रसाद शर्मा पुत्र चित्र प्रसाद शर्मा उत्तराखंड व घायल की पहचान सोम प्रकाश पुत्र हरिराम गांव सूर्यवाल रोपड़ के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ठियोग भेजा गया है। डीएसपी ठियोग कुलविंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर बाद करीब अढ़ाई बजे एक बोलेरो गाड़ी देहा के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीन लोग सवार थे। इनमें दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल को सिविल अस्पताल ठियोग लाया गया है। डीएसपी ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करने के पश्चात ने परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी छानबीन को शुरू कर दिया है। हालांकि अभी हादसे को कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस घटना पर चौपाल के विधायक बलबीर सिंह वर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है।