जवाली बना जंग का मैदान, फेसबुक पर टिप्पणियों के बाद नीरज भारती और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

पूर्व सीपीएस नीरज भारती और भाजपा कार्यकर्ता जतिंदर सिंह के बीच फेसबुक पर चल रही लड़ाई शनिवार को सड़क पर आ गई। भाजपा और नीरज भारती के समर्थकों के बीच जमकर हाथापाई हुई। फेसबुक पर ओपन चैलेंज से निपटने के लिए सुबह ही धर्मशाला से पुलिस यहां कैहरियां चौक पर मुस्तैद हो गई थी। एसडीएम जवाली अरुण कुमार शर्मा, डीएसपी ज्ञान चंद ठाकुर सहित एसएचओ नीरज राणा भी कैहरियां पहुंचे हुए थे। पूर्व सीपीएस नीरज भारती व भाजपा कार्यकर्ता जतिंदर सिंह के बीच फेसबुक पर काफी दिनों से बहसबाजी चल रही थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीपीएस नीरज भारती को जवाली में आने की चुनौती दी थी, जिस पर नीरज भारती ने 25 मई को 12 बजे गैस एजेंसी के पास पहुंचने का वादा किया था। इसी के तहत पूर्व सीपीएस नीरज भारती पौने 12 बजे गैस एजेंसी कैहरियां के पास पहुंच गए। सारा प्रशानिक अमला नीरज भारती को मनाने में लगे रहे लेकिन भारती काफी देर तक बोलते रहे कि गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी। इसी बीच जतिंदर सिंह के साथ उसके भाई व कुछ भाजपा कार्यकर्ता भी पहुंच गए और हाथापाई शुरू हो गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों धड़ों को अलग किया। इसके बाद दोनों धड़े जोरशोर से नारेबाजी करते रहे। दोनों धड़ों के जाने के बाद भी पुलिस कैहरियां चौक पर डटी रही। पुलिस को शांति बहाल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस वारदात से जवाली में तनाव का माहौल है। एएसपी धर्मशाला राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।