जीत के जश्न में लुढ़का तापमान

अधिकतम तापमान में एक से 12 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट

शिमला -हिमाचल में लोकसभा चुनाव की जीत के जश्न ने तापमान को भी ठंडा किया है। राज्य में  हल्की बारिश व तूफान तापमान में एकाएक भारी गिरावट आई है। हालांकि कार्यकताओं ने जीत का जश्न जमकर मनाया।  मौसम विभाग की माने तो राज्य में शुक्रवार को भी मौसम कड़ा रूप दिखाएगा। विभाग  ने राज्य  के मैदानी व मध्यम ऊचांई वाले एक-दो स्थानों पर भारी बारिश व ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की है। विभाग की मानें तो राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में 27 मई तक मौैसम खराब बना रहेगा। जबकि मैदानी इलाकोें में 25 से 29 मई तक मौसम साफ बना रहेगा। राज्य में गुरुवार को मौसम खराब बना रहा। आसमान में सुबह से काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश भी हुई।  हिमाचल में बारिश से अधिकतम तापमान में एक से 12 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकार्ड की गई है। सुंदरनगर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 12 डिग्री की गिरावट आंकी गई है। सुंदरनगर का पारा 36  डिग्री से लुढ़क कर 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके अलावा भुंतर में 11, हमीरपुर में 10, चंबा मेें नौ, कांगड़ा, बिलासपुर में सात, शिमला सोलन और धर्मशाला में पांच डिग्री तक तापमान गिरा है। अधिकतम तापमान में भले ही गिरावट आंकी गई है, लेकिन राज्य के न्यूनतम तापमान में  बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके चलते राज्य में रातें के दौरान ठंड का प्रकोप  कुछ कम हुआ है। हालांकि  राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक आका जा रहा है। मगर अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री कम रिकार्ड किया जा रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि पहाडों पर 27 मई तक  मौसम खराब बना रहेगा,  जबकि मैदानी इलाकों में 25 मई से मौसम साफ बना रहेगा।