थम गया आखिरी दौर का चुनावी शोर

स्टार प्रचारकों ने छोड़ा हिमाचल, 7500 से ज्यादा पोलिंग पार्टियां रवाना

शिमला -हिमाचल प्रदेश में लोकसभा के लिए चुनावी शोर थम गया है। शुक्रवार शाम छह बजे से पहले ही राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों ने भी हिमाचल छोड़ दिया। मतदान के दिन से 36 घंटे पहले लागू होने वाली व्यवस्थाओं को चुनाव विभाग ने बखूबी अंजाम दिया। इसके साथ शराब ठेके भी बंद हो गए हैं और मतदान के दिन में शाम तक ड्राई-डे रहेगा। पहाड़ी प्रदेश में चुनाव सबसे आखिर में हो रहा है। आखिरी चरण का मतदान यहां 19 मई को होगा और नतीजे पूरे देश की तरह 23 मई को सामने आएंगे। हिमाचल की चार लोकसभा सीटों के लिए चल रहा चुनाव प्रचार शुक्रवार शाम छह बजे पूरी तरह से रुक गया। राजनीतिक दलों के जो लोग बतौर स्टार प्रचारक यहां पर आए थे, वह वापस लौट गए हैं, जिन्हें छह बजे तक हिमाचल को छोड़ना जरूरी था। आखिरी दिन भी राजनीतिक दलों ने जमकर प्रचार किया। कांगे्रस की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आखिरी जनसभा सोलन में की। वहीं भाजपा ने भी पूरी ताकत झोंकी। करीब एक महीने से यहां पर राजनीतिक दलों के नेता प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में जनसभाएं कर रहे थे। उन्होंने जनता को लुभाने की खासी कोशिशें कीं और अब नतीजा 23 मई को सामने आएगा। लोकसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया सफलता के साथ पूरी करवाने के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। करीब 7500 से अधिक पोलिंग पार्टियां अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना हुईं। अभी 136 महिला कर्मचारी  शनिवार को अपने मतदान केंद्रों के लिए जाएंगी। इनकी अलग से पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं, जिन्हें शहर के साथ नजदीक वाले क्षेत्रों में लगाया गया है। वहीं शहरों में लगाए गए कर्मचारियों को भी शनिवार को भेजा जाएगा।

दलों ने किए जीत के दावे

चुनाव प्रचार थमते ही राजनीतिक दलो के नेताओं ने अपने-अपने दावे ठोंके। सभी ने दावा किया कि वह प्रदेश में चारों सीटें जीत रहे हैं। उनका कहना था कि प्रचार अभियान पूरे जोश के साथ चला और जनता ने उन्हें तवज्जो दी है। अब प्रदेश की जनता क्या नतीजा निकालती है, यह 23 को पता चलेगा।