पड्डल-ठोडो ग्राउंड में गरजेंगे मोदी

मंडी-सोलन शहर में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में भाजपा

शिमला –प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली मंडी के पड्डल और सोलन के ठोडो मैदान में होगी। मंडी की रैली पड्डल मैदान में ही होनी है, लेकिन सोलन के लिए प्रदेश भाजपा ने दो स्थान तय किए हैं। भाजपा ने पहली प्राथमिकता ठोडो मैदान को दी है और इसके साथ-साथ पुलिस मैदान को भी विकल्प के तौर पर रखा है। भाजपा चहती है कि सोलन में यह रैली शहर के बीच में हो। इसे देखते हुए ठोडो मैदान में ही रैली तय हो सकती है। इसी तरह मंडी के पड्डल मैदान को भाजपा ने इसलिए चुना, ताकि इसी मैदान में मोदी का हेलिकॉप्टर उतरे। ऐसे में पीएम मोदी दस मई को मंडी के इस पड्डल मैदान और 13 मई को सोलन के ठोडो मैदान से हिमाचल की जनता को संबोधित करेंगे। प्रदेश की जनता को अभी भी यह उम्मीद है कि पीएम मोदी प्रदेश के लिए कुछ खास ऐलान कर सकते हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी ने सोलन की रैली में वादा किया था कि सेब पर आयात शुल्क बढ़ाएंगे, लेकिन पांच साल बीतने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ। प्रदेश में मतदान को अब मात्र 14 दिन शेष रह गए हैं। वर्ष 2019 शुरू होते ही भाजपा ने चारों संसदीय क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों को अंजाम दिया और अब चुनाव प्रचार भी अंतिम चरणों में पहुंच चुका है।

दिग्गजों ने संभाला मोर्चा

अभी तक सिर्फ चुनाव प्रचार के लिए केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की ही रैली हुई है। ऐसे में अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित पार्टी के कई केंद्रीय नेता अब टीम को और मजबूत करने आएंगे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी मोर्चा संभाल चुके हैं।