पार्टी की जीत पर नाचे जिला भाजपा प्रधान

चंबा—जिला भाजपा प्रधान डीएस ठाकुर ने कहा है कि लोकसभा चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत ने साबित कर दिया है कि अब कांग्रेस के दिन लद चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक जीत ने दर्शा दिया है कि जनता ने मोदी सरकार के देश की सुरक्षा व जनहित के फैसलों को स्वीकृति की मोहर लगा दी है। डीएस ठाकुर ने कहा कि नरेंद्र मोदी अब दोबारा प्रधानमंत्री की कुर्सी पर विराजमान होकर देश को नई बुलंदियों को ले जाने के साथ जनता से किए वायदों को निभाएंगें। उन्होंने कहा कि यह भाजपा के सुशासन, राष्ट्रवाद व विकासात्मक नीतियों की जीत है। डीएस ठाकुर ने कहा कि चुनावों में भाजपा को जनादेश देकर लोगों ने जता दिया है कि कांग्रेस की करनी व कथनी के अंतर को जान चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश के कई बडे व छोटे राज्यों में भाजपा अपना खाता तक नहीं खोल पाई है। उन्होेंने कहा कि कांग्रेस का चुनावों में जीत दर्ज कर देश की सत्ता संभालने का सपना अब कभी पूरा नहीं होगा। कांग्रेस जैसे राष्ट्रीय दल ने क्षेत्रीय पार्टियों के साथ गठबंधन कर सत्ता पाने के लिए कई पैंतरे फैंके, लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो पाई। डीएस ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने विकास के मुददे को लेकर चुनाव लडा। और लोगों ने भाजपा की विकासात्मक नीतियों को सराहते हुए दोबारा से देश की सत्ता सौंपी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अगुवाई में भाजपा सरकार लोगों को बेहतर शासन व प्रशासन दे रही है। जिसके फलस्वरूप ही भाजपा ने प्रदेश की चारों सीटों पर प्रचंड जीत दर्ज कर कांग्रेस को पूरी तरह बैकफुट पा ला दिया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत शीर्ष नेतृत्व और पार्टी के हरेक कार्यकर्ता को बधाई दी है। इससे पहले चुनावी नतीजे घोषित होने के बाद डीएस ठाकुर संग कार्यकर्ताओं ने लचोडी में जीत का जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर डांस करने के अलावा मिठाइयां बांटकर जीत के जश्न को दोगुना किया।