पीएम मोदी की दुर्योधन से तुलना

दिनकर की कविता के साथ प्रियंका गांधी का प्रधानमंत्री पर हमला, भाजपा का पलटवार

अंबाला -पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर एक कहने पर कांग्रेस पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ हमलावर हो गई है। राजीव गांधी की बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वढेरा ने अब पीएम मोदी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रियंका गांधी ने हरियाणा के अंबाला में रैली के दौरान अप्रत्यक्ष रूप से पीएम मोदी की तुलना दुर्योधन से करते हुए राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की कविता का जिक्र किया। वहीं, दुर्योधन से पीएम मोदी की तुलना पर बीजेपी ने भी पलटवार किया है। पश्चिम बंगाल की रैली में बीजेपी चीफ अमित शाह ने कहा कि प्रियंका ने मोदी की तुलना दुर्योधन से की। दुर्योधन कौन है और अर्जुन कौन है, 23 मई (काउंटिंग) को साबित हो जाएगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव के प्रचार में बीजेपी के नेता कभी ये नहीं कहते कि उन्होंने जो वादे किए थे, वे पूरे किए या नहीं। कभी शहीदों के नाम पर वोट मांगते हैं, तो कभी मेरे परिवार के शहीद सदस्यों का अपमान करते हैं। उन्होंने मेरे शहीद पिता का अपमान किया है। उन्होंने आगे कहा कि यह चुनाव किसी एक परिवार के बारे में नहीं है, ये उन सभी परिवार के बारे में हैं, जिनकी उम्मीदें और आशाएं इस प्रधानमंत्री ने पूरी तरह तोड़ दी है। प्रियंका ने इसी पर रामधारी सिंह दिनकर की एक कविता सुनाई, ‘जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है, हरि ने भीषण हुंकार किया, अपना स्वरूप-विस्तार किया, डगमग-डगमग दिग्गज डोले, भगवान कुपित होकर बोले-जंजीर बढ़ा कर साध मुझे, हां, हां दुर्योधन! बांध मुझे।’ प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे देश की जनता में बहुत विवेक है, यह विवेक नया नहीं है, यह सदियों पुराना विवेक है।

आपे से बाहर हुईं दीदी

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। ममता ने कहा कि उनका पीएम मोदी को थप्पड़ मारने का मन करता है। मैंने ऐसा झूठा प्रधानमंत्री नहीं देखा। जब चुनाव आते हैं तो राम नाम जपने लगते हैं। मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि पांच साल पहले उन्होंने अच्छे दिनों की बात की थी, लेकिन बाद में नोटबंदी कर दी। वह संविधान भी बदल देंगे।