प्रदेश भर में नौ तक मौसम साफ

विभाग का पूर्वानुमान, हिमाचल में 11 मई से शुरू होगा बारिश का दौर

शिमला —हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर से करवट लेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य में नौ मई तक मौसम साफ बना रहेगा। वहीं 10 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इसके बाद राज्य में 11 मई से बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जो 12 मई को भी जारी रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो 12 मई को मौसम रौद्र रूप दिखा सकता है। उधर, प्रदेश में रविवार को भी मौसम साफ बना रहा। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही। धूप खिलने से राज्य के ऊना, नाहन, सुंदरनगर, भुंतर, सोलन व कांगड़ा के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। नाहन के अधिकतम पारे में सबसे अधिक तीन डिग्री का उछाल आया है। भुंतर में 2.0, सुंदरनगर व कांगड़ा में एक डिग्री का तापमान चढ़ा है, जबकि दोपहर बाद ठंडी हवाएं चलने से शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में शनिवार के मुकाबले गिरावट आई है। तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद राज्य के हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बिलासपुर का तापमान 37.0 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। इसके अलावा हमीरपुर में भी तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। हमीरपुर में तापमान 35.5 डिग्री आंका गया है। न्यूनतम तापमान में बीते 24 घंटों के दौरान बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य भर में नौ मई तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि राज्य में 11-17 मई को बारिश होगी।

कहां, कितना तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    23.6      14.3

सुंदरनगर  34.1       13.2

भुंतर       32.0      10.0

कल्पा     18.0      3.0

धर्मशाला  28.4       15.6

ऊना       38.8       14.4

सोलन     29.5      13.4

नाहन      34.6      17.9

केलांग     11.8       1.2

कांगड़ा    34.0      15.3

बिलासपुर 37.3       14.2

हमीरपुर   35.5       14.0

चंबा       31.2       13.8

डलहौजी  18.8       11.0