प्रियंका का मोदी पर हमला; कहा, इनसे ज्यादा कमजोर पीएम कभी नहीं देखा

प्रतापगढ़ – पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के लिए ‘भ्रष्टाचारी नंबर वन’ वाले बयान को लेकर कांग्रेस लगातार पीएम नरेंद्र मोदी पर हमलावर है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बाद अब पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने पीएम पर तीखा हमला बोला है। मोदी को निशाने पर लेते हुए प्रियंका ने कहा कि इनसे (मोदी) बड़ा कायर, इनसे कमजोर प्रधानमंत्री मैंने जिंदगी में नहीं देखा है। इस दौरान प्रियंका ने यह भी कहा कि राजनीतिक शक्ति बड़े-बड़े प्रचार या टीवी पर दिखने से नहीं आती है। प्रियंका ने कहा कि राजनीतिक शक्ति वह होती है जो जनता को सबसे अहम माने, जिसमें जनता की बात सुनने की शक्ति हो। जनता की समस्याओं को सुलझाने की शक्ति हो। आलोचना सुनने की शक्ति हो। विपक्षी दलों की बात सुनने की शक्ति हो।