प्रियंका की करीबी विधायक अदिति पर हमला

रायबरेली -यूपी की रायबरेली लोकसभा सीट कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की परंपरागत सीट है। इसे हॉट सीट माना जाता है और यह सीट हमेशा चर्चा में रहती है। मंगलवार को यहां राजनीति उस वक्त गरमा गई, जब सदर सीट से प्रियंका गांधी वढ़ेरा की करीबी कांग्रेस विधायक अदिति सिंह पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया। बताया जा रहा है कि विधायक अदिति सिंह की गाड़ी काफी दूर तक दबंगों से बचते हुए आगे चलती रही और फिर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। जानकारी के अनुसार विधायिका की कार समेत उनके काफिले की तीन अन्य गाडि़यां भी पलट गई हैं। हादसे में विधायक अदिति सिंह घायल हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए लखनऊ रैफर किया गया है। यह घटना रायबरेली में हरचंदपुर थाना क्षेत्र के मोदी स्कूल के पास हुई। दरअसल, अदिति सिंह रायबरेली जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हो रही वोटिंग में अपने समर्थकों के साथ गई थीं। अवधेश सिंह, सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे बीजेपी प्रत्याशी दिनेश सिंह के भाई हैं और उनके ऊपर ही अदिति सिंह पर हमला करवाने का आरोप लगाया जा रहा है। आरोप है कि पीछा कर रही गाड़ी से कुछ लोगों ने अदिति सिंह पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान कथित रूप से गाडि़यों के काफिले पर पथराव और फायरिंग के बाद कई गाडि़यां हाइवे पर पलट गईं। अदिति सिंह के समर्थकों का आरोप है कि पीछा कर रही गाडि़यों से अदिति सिंह पर फायरिंग भी की गई।