बहुमत की पक्की नींव पर खड़ी है जयराम सरकार

शिमला। बागबानी मंत्री महेंद्र सिंह ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री पर प्रहार करते हुए कहा है कि जयराम सरकार बहुमत के साथ पक्की नीवं पर खड़ी है। इसलिए उसके नीचे से जमीन खिसकने का सवाल ही पैदा नहीं होता। कांग्रेस को तो अब पूरे देश में ही जमीन तलाशने की जरूरत है। देश में मोदी लहर कांग्रेस को जड़ से उखाड़ देगी। उन्होंने कहा कि 2014 में कांग्रेस को देश भर में मात्र 44 सीटें मिली थी, मगर अबकि बार इतनी सीटें मिलनी भी संभव नहीं हैं। चुनाव के बाद कांग्रेस पार्टी अपने न्यूनतम जनाधार पर सिमट जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और कार्यों को इस पहाड़ी राज्य में लागू करके विकास की एक नई इबारत लिखनी शुरू की है। इससे पूर्व कांग्रेस सरकार ने राज्य में अपने संसाधन बढ़ाने की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। तब फिजूलखर्ची चरम पर थी। ऐशो-आराम से जिंदगी बिताने वाले कांग्रेस मंत्रियों की प्राथमिकता में जनता की भलाई के काम कहीं नहीं थे।