बागेश्वर में सड़क हादसा लील गया जान

नैनीताल – उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में दो वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से इसमें एक की मौत हो गई और अन्य सात घायल हो गए। एक महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार अल्टो कार यूके 02-5754 बागेश्वर से धरमघर की ओर जा रही थी। कार सुबह कलना बैंड के निकट लगभग 50 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इसमें पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में विनोद पंत (58) निवासी गोखुरी (कांडा) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। इसमें मोनिका पंत पत्नी अखिलेश पंत गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया है। इनके अलावा तीन अन्य प्रेम प्रकाश जोशी पुत्र डीएन जोशी, हेमा जोशी पत्नी रमेश जोशी और विपिन पंत पुत्र अखिलेश पंत भी घायल हो गए हैं। इनका बागेश्वर में इलाज चल रहा है। ये सभी एक विवाह समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। दूसरी दुर्घटना भी बागेश्वर के शिखर भनार के पास हुई है। एक बोलेरो वाहन असंतुलित होकर दीवार से टकरा गई। गनीमत रही कि वाहन रोड में ही रुक गया। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में हरीश सिंह पुत्र मलक सिंह, गंगा सिंह पुत्र परवीन सिंह और जगत सिंह पुत्र धरम सिंह शामिल हैं।