भाजपा ने लिया धारा 370 हटाने का संकल्प

शिमला —भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने का संकल्प लिया है। शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम झाजू ने कहा कि देश की सुरक्षा और रक्षा के साथ भाजपा ने कभी भी वोट की राजनीति नहीं की। पूर्व में अधिकांश सरकारें कांग्रेस की रहीं, लेकिन मोदी सरकार ने मात्र पांच साल के कार्यकाल में ही दुश्मन देश पाकिस्तान को दिखा दिया कि हम किसी से कम नहीं। श्याम झाजू ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने कभी भी हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के साथ भेदभाव नहीं किया। पूर्व में कांग्रेस ने हिमाचल से विशेष राज्य का दर्जा छीना। बावजूद इसके मोदी सरकार ने हिमाचल को 12 हजार करोड़ विभिन्न योजनाओं के लिए दिए। हिमाचल में जयराम सरकार ने 32 कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार बेहतरीन कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि 19 मई के अंतिम चरण के चुनाव में भाजपा को बहुमत मिलने वाला है और हिमाचल की चारों सीटों पर पार्टी जीत दर्ज कर रही है। नार्थ ईस्ट में भी भाजपा को इस मर्तबा ज्यादा सीटें मिल रही हैं।